खुली पड़ी अलमारी देखते भावेश दीक्षित।
- फोटो : खुली पड़ी अलमारी देखते भावेश दीक्षित।
छिबरामऊ। वार्ड हर्ष नगर स्थित घर में सोमवार की देर रात परिजन सोते रहे और चोर मुख्य गेट का बिना ताला तोड़े अंदर घुस गए। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी खोलकर जेवर व नकदी लेकर सीढि़यों के रास्ते से निकल गए। मंगलवार की सुबह कमरे में सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।
नगर पालिका परिषद के वार्ड 13 हर्ष नगर (बहवलपुर) निवासी भावेश कुमार दीक्षित एडवोकेट ने बताया कि रात 10 बजे वह पत्नी व बच्चों के साथ घर के मुख्य हिस्से में सो रहे थे। छोटा भाई देवेश दीक्षित पीछे के हिस्से में सोया था। रात चोरों ने घटना को अंजाम दिया। भोर में चार बजे जब परिजन सोकर उठे और कमरे में गए तो चोरी की जानकारी हुई। भावेश ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी।
भावेश ने आंशका व्यक्त करते हुए बताया कि मकान काफी बड़ा है। शाम को ही कोई घर के अंदर घुस कर बैठ गया होगा। हम सभी के सोने के बाद चोर वारदात को अंजाम देकर जीने के रास्ते से निकल गया। चोर अलमारी से एक हार, चार चूड़ी, दो जोड़ी झाले, दो जोड़ी कुंडल, एक मांग टीका, एक जंजीर आदि जेवर समेत 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इस संबंध में कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि हर बिंदु पर जांच पड़ताल की जा रही है।