भूड़ा मंदिर में टूटे पड़े ताले।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिले में मंदिर चोर गैंग काफी दिनों से सक्रिय है। पुलिस गैंग पर हाथ नहीं डाल पा रही है। देर रात चोरों ने भूड़ा मंदिर का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये से भरा दानपात्र पार कर दिया। मंदिर के पुजारी के जागने से चोर बांके बिहारी मंदिर का ताला नहीं तोड़ नहीं सके। कोतवाली पुलिस ने जांच कर पुजारी समेत अन्य लोगों से पूछताछ की है।
मोहल्ला छपट्टी स्थित श्री अंबिका पथवारी देवी और श्री बांके बिहारी जी ट्रस्ट को भूड़ा मंदिर के नाम से जाना जाता है। रविवार देर रात चोर दीवार फांदकर लक्ष्मी नारायण मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। मंदिर के अंदर रखे दानपात्र को निकाल लिया। इसके बाद बांके बिहारी मंदिर का ताला तोड़ने का प्रयास करने लगे। इस दौरान मंदिर के पुजारी पंडित रामऔतार शर्मा की आंख खुल गई। उन्होंने सहयोगियों की मदद से चोरों को ललकारा। इस पर यह दीवार फांदकर भाग गए।
पड़ोसी रामदास ने पुलिस को फोन किया। यूपी-100 टीम ने मौके पर पहुंचकर चोरों की तलाश की। यह नहीं मिले। मंदिर के पुजारी ने बताया कि चोर लक्ष्मी नारायण मंदिर का दानपात्र ले गए हैं। इसमें करीब 40 हजार रुपये थे। सुबह दान पात्र मंदिर के पास खेत में पड़ा मिला। मंदिर के पदाधिकारियों व पुजारी पंडित रामऔतार शर्मा ने पुलिस से मंदिर की सुरक्षा व चोरों को पकड़कर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने मौके का निरीक्षण कर पुजारी से पूछताछ की। चोरों का कुछ पता नहीं चल सका। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों को पकड़ने की बात कही है।