कन्नौज/मानीमऊ। सदर कोतवाली इलाके के भाटन सरैया गांव में मंगलवार रात अवसाद में मजदूर युवक ने गोली मारकर जान दे दी। छोटा भाई युवक को छत पर खाना देने पहुंचा तो खून से लथपथ शव देख चीख पड़ा। तब तक गोली की आवाज सुनकर गांव के लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। युवक के माता-पिता की मौत हो चुकी है। युवक अपने छोटे भाई-बहन के साथ घर में अकेला रहता था। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार रात लगभग नौ बजे सदर कोतवाली इलाके के भाटन सरैया गांव में निखिल शर्मा(20) पुत्र स्व.उमाशंकर शर्मा छत पर लेटे थे। अचानक युवक ने तमंचे से माथे पर गोली मार ली। छोटा भाई प्रांशू (15) व बहन मालती घर के अंदर खाना पका रही थी। प्रांशू बड़े भाई को छत पर खाना देने गया तो बिस्तर पर खून से लथपथ देख चीख पड़ा। प्रांशू की चीख सुनकर भीड़ जुटने लगी। वहीं गोली की आवाज सुनकर गांव के कुुछ लोग पहले से पहुंचने लगे थे। यह सभी निखिल को अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। तब तक मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि निर्मल अवसाद में रहता था। गांव के लोगों ने बताया कि पिता बिजली विभाग में कर्मचारी थे। पिता की मौत के बाद बड़े बेटे को नौकरी मिल गई। कुछ वर्षों बाद बीमारी के चलते बड़ा भाई आशीष चल बसा। माता-पिता और भाई की मौत से निखिल टूट चुका था। घर का भार उसी के कंधे पर था। छोटे भाई, बहन के भविष्य के कारण चिंता में रहता था। मजदूरी से किसी तरह घर का खर्च चल रहा था।
अब भाई-बहन की परवरिश पर संकट
भाटन सरैया गांव में गोली मारकर जान देने वाले युवक के माता-पिता, भाई की मौत हो चुकी है। निखिल अपने पीछे दो छोटे भाई-बहन छोड़ गया। अब इनकी परवरिश पर संकट है। परिवार के पास कोई कृषि योग्य भूमि नहीं है। परिवार के अन्य सदस्यों ने बच्चों को ढांढस बंधाया है।