मरीजों को दवा बांटते डॉ. प्रमोद कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
समधन। संक्रामक रोगों से हुई दो मौत के बाद मंगलवार को स्वास्थ्य टीम लोहिया नगर व अशफाक उल्लाह नगर में पहुंची। स्वास्थ्य टीम ने दोनों मोहल्लों में जाकर बीमार मरीजों का चेकअप कर दवाएं बांटी। इसके साथ ही लोगों को बीमारी से बचाव के उपाय भी बताए। दोनों मोहल्लों में 53 लोग संक्रामक बीमारी की चपेट में हैं।
अशफाक उल्लाह नगर में डायरिया की चपेट में दर्जनों लोग प्राइवेट चिकित्सकों के यहां इलाज करा रहे है। वहीं बीते दिनों गंभीर रूप से बीमार महिला राहिल बेगम (25) की मौत हो गई थी। वहीं लोहिया नगर में भी डायरिया से दो दर्जन से अधिक लोग बीमार हैं।
जिसमें जूबी (3 साल) की दो दिन पहले मौत हो गई थी। नगर में संक्रामक रोग फैलने व दो लोगों की मौत की खबर पर सीएमओ डॉ. पीएन बाजपेयी ने मंगलवार को डॉक्टरों की टीम भेजी।
लोहिया नगर में टीम के प्रभारी डॉ. प्रमोद, डॉ. डीके गुप्ता, डॉ. अजय कुमार, एएनएम पुष्पा कटियार, आशा देवी ने कैंप लगाकर मरीजों का चेकअप किया और दवा दी। तालग्राम एमओआईसी डॉ. अजय यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक जूबी के परिजनों से जानकारी हासिल की।
दोपहर में पहुंची जिला स्वास्थ्य टीम डॉ. दिनेश कांत दीक्षित के नेतृत्व में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. हरगोविंद सिंह ने करीब एक दर्जन मरीजों का चेकअप कर दवाओं का वितरण कराया।