कन्नौज। लॉकडाउन के छठवें दिन सोमवार को लोग पूरी तरह से घरों में कैद रहे। इस दौरान सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बैरियर लगाकर वाहनों की सघन चेकिंग की गई। वहीं, जिले से बाहर जाने या आने पर पूरी तरह पाबंदी रही।
सोमवार को प्रमुख चौराहों से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस मुस्तैद रही। दवा, सब्जी, किराना की दुकानों पर सोशल डिस्टेंस को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरती जा रहा थी। जिले के 23 स्थानों पर बैरियर लगाकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने चेकिंग की।
शहर समेत ग्रामीण अंचलों की छोटी बड़ी दुकानें, प्रतिष्ठान, बाजार एवं शिक्षण संस्थान बंद रहे। शहर क्षेत्र के सरायमीरा, मकरंदनगर, ग्वाल मैदान, कचहरी टोला, बड़ा चौराहे, छोटा चौराहे समेत स्थानों पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा।
जिलाधिकारी राकेश मिश्रा व पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कन्नौज, गुरसहायगंज, मानीमऊ, ठठिया, तिर्वा, छिबरामऊ का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने-अपने घरों में रहेंगे। कोई भी अनावश्यक रूप से सड़कों पर नहीं दिखाई देगा।
एनाउंस कर सब्जी, फल व दूध का वितरण : नगर पालिका की टीम ने पालिका की गाड़ी से शहरी क्षेत्र में सार्वजनिक जगह समेत अन्य स्थानों पर सब्जी, दूध व फल लेने के लिए एनाउंस किया। लोगों ने घरों से निकल अपनी जरूरत का सामान खरीदा।
उपभोक्ताओं को बैंक में नहीं दिया घुसने : लॉकडाउन के दौरान सरकारी व प्राइवेट बैंक खुली हैं। सरकारी बैंक में उपभोक्ता अंदर घुसकर जरूरी काम निपट रहे हैं। वहीं, प्राइवेट बैंकों में लोगों को अंदर घुसने नहीं दिया जा रहा है। यहां बैंक कर्मी गेट पर रुपये निकालने से लेकर रुपये जमा करने के काम एक-एक करके कर रहे हैं। इससे बैंकों के बाहर भीड़ दिखी।