तालग्राम। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के निकवा कट से तेराजाकेट मार्ग पर रविवार रात मजदूर की हादसे में मौत हो गई। सोमवार को मजदूर की शिनाख्त उसकी बहन ने की। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
मैनपुरी के थाना घिरौर क्षेत्र के गांव कलोर निवासी अनार सिंह (40) मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि अनार सिंह अविवाहित था। वह अपनी बहन कोकिला पत्नी राजेंद्र शाक्य निवासी मायापुर्वा में रहता था। रविवार देर रात करीब 11 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन ने अनार सिंह को टक्कर मार दी।
दुकानदारों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने उसे सीएचसी तालग्राम में भर्ती कराया, जहां से मेडिकल काॅलेज तिर्वा रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान अनार सिंह की मौत हो गई। बहन कोकिला ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर उसकी शिनाख्त छोटे भाई अनार सिंह के रूप में की। वह गांव में रहकर मजदूरी करता था। कार्यवाहक थाना प्रभारी किशनवीर सिंह ने बताया कि युवक की शिनाख्त हो गई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।