कन्नौज। अर्शी पैरामेडिकल कालेज में बनाए गए क्वारंटीन वार्ड के बाद अब जागरण पब्लिक इंटर कालेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में खाने में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। यहां रखे गए युवकों ने हंगामा कर पुलिस बुला ली। प्राथमिक जांच में यहां मौजूद कुछ लोगों के खुद खाने में कीड़े डालकर प्रशासन पर दबाव बनाने का प्रयास करने की बात सामने आई है।
मंगलवार दोपहर जागरण पब्लिक इंटर कालेज में क्वारंटीन किए गए कुछ लोगों ने खाने में कीड़े निकलने की बात कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया। युवकों ने फोन कर मौके पर 112 डायल पुलिस टीम को बुला लिया। टीम को खाने में कीड़े दिखाए। मामले की जानकारी मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंचे एडीओ पंचायत राजीव दीक्षित ने हंगामा कर रहे युवकों को शांत कराया। इसके बाद रखे गए लोगों से पूछताछ की। इसमें सामने आया कि कुछ युवक घर जाना चाहते हैं। इन्होंने प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए खुद खाने में कीड़े डालकर हंगामा शुरू कर दिया। एडीओ पंचायत ने बताया कि खाने में कीड़े नहीं थे, किसी ने शरारत की है।