कन्नौज। कोरोना संक्रमण के खौफ को दरकिनार कर शुक्रवार को तमाम गैरजरूरी दुकानें खोल ली गईं। जीटी रोड पर भीड़ का रेला दिखने लगा। पता चलने पर पुलिस हरकत में आ गई। लाठी चलाकर गैरजरूरी दुकानें बंद कराई गईं। कई दुकानदारों के चालान काटे गए। यात्री लेकर निकल रहे ऑटो पर भी कार्रवाई हुई।
जिले में आवश्यक सामान की दुकानें सुबह 11 बजे तक खोलने के आदेश हैं। वहीं कुछ दिन से कोरोना संक्रमितों की संख्या घटने से लोग बेपरवाह होने लगे हैं। शुक्रवार को सुबह से तमाम दुकानें खुल गईं। यहां पर आवाजाही भी होने लगी। जीटी रोड पर भीड़ का रेला देख सवारी ढोने वाले भी मैदान में आ गए। इन्होंने मानक से ज्यादा सवारियां बैठाईं। पता चलने पर पुलिस दोपहर में हरकत में आ गई। गैरजरूरी दुकानें खुली मिलने पर चालान काटे गए। कुछ को लाठी पटक कर खदेड़ दिया गया।
शहर में कला चौकी प्रभारी राजीव पांडेय, सरायमीरा में चौकी इंचार्ज कमल भाटी ने अभियान चलाया। जीटी रोड किनारे की दुकानों को बंद करा दिया। पुलिस की लापरवाही को देख कुछ कचौड़ी विक्रेताओं ने भी ठेली लगानी शुरू कर दी थीं। पुलिस ने इन्हें भी भगा दिया। यातायात निरीक्षक संतोष सिंह भी निकले। तिर्वा क्रासिंग पर यात्री बैठा रहे आठ ऑटो के चालान काटे। इसी तरह जीटी रोड पर अभियान चलाते हुए यात्री वाहनों के चालान काटे गए।