बहादुरपुर गांव में कटाई के लिए तैयार खड़ी गेहूं की फसल।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। ग्रामसभा असालताबाद के बहादुरपुर गांव में एक ही परिवार के चार लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से प्रशासन ने गांव को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। कोरोना के खौफ के साथ प्रशासन की सख्ती के चलते किसान खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल काटने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
बहादुरपुर में लगभग 3000 की आबादी है। इनमें लगभग 250 काश्तकार हैं। मौजूदा समय सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल खेतों में तैयार खड़ी है। किसानों ने अभी गेहूं की कटाई शुरू ही की थी, कि गांव के एक परिवार के चार लोगों में कोरोना संक्रमण पाया गया। प्रशासन ने गांव को सुरक्षा घेरे में लेकर सभी रास्तों को सील कर दिया है। फोन से हुई बातचीत में कुछ किसानों ने बताया कि अगर कुछ दिन और ऐसी स्थिति रही तो गेहूं की तैयार फसल खेतों में बर्बाद हो जाएगी।
कटाई करने पहुंचे ग्रामीणों पर चटकाईं लाठियां
छिबरामऊ। सरकार की ओर से गेहूं कटाई और बिक्री के लिए छूट का एलान किया गया है। पुलिस प्रशासन सरकार की इस मंशा पर पानी फेर रहा है। कोरोना संक्रमण की दहशत के बाद भी बहादुरपुर सहित आसपास क्षेत्र के कुछ किसानों ने हिम्मत जुटाई। यह कटाई के लिए खेतों में पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस कर्मियों ने इन पर लाठियां चटका दीं। इसके बाद किसान घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। एसडीएम गौरव शुक्ला ने बताया कि किसान खेतों की कटाई के बहाने घरों से बाहर घूमने निकले थे। किसानों की पिटाई जैसी कोई घटना नहीं हुई।