तालग्राम(कन्नौज)। भाजपा नेता की फेसबुक आईडी हैक कर कोरोना मदद के नाम पर उनके दोस्तों से 10-10 हजार रुपये की मांग की गई। भाजपा नेता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। उन्होंने खाते में रुपये न डालने की अपील भी की।
अमोलर निवासी खाद विक्रेता और भाजपा बूथ प्रमुख चंचल चतुर्वेदी की शुक्रवार को साइबर अपराधियों ने फेसबुक आईडी हैक कर ली। पार्टी के खास लोगों से 10-10 हजार रुपये की मदद मांगी गई। खाते में रुपये डालने और शाम तक वापस करने का मैसेज किया गया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष जीतू तिवारी ने चंचल को फोन कर पूछताछ की। उन्होंने स्क्रीन शॉट भेजा तो चंचल को फेसबुक आईडी हैक होने की जानकारी हुई। उन्होंने आईडी से फेसबुक को रिमूव कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। साइबर अपराधी ठगने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। किसी के पास ऐसे मैसेज या फोन आएं तो सावधानी बरतें। ठगी से बचने के लिए किसी को रुपये न भेजें।