कन्नौज। बैंक शाखा से केसीसी के रुपये निकालने के मामले में मैनेजर समेत पांच लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
घमाइचमऊ निवासी मंगू लाल दोहरे ने सदर कोतवाली में न्यायालय के आदेश पर मकरंदनगर आर्यावर्त बैंक शाखा के मैनेजर राधेश्याम भारती, हैवतपुर कटरा के दिलीप कुमार, विजय सिंह वर्मा, श्रीराम वर्मा, दिलीप कुमार की मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें आरोप लगाया कि उसने आर्यावर्त बैंक शाखा मकरंदनगर से केसीसी के तहत ऋण लिया था। आरोपी लोगों ने हस्ताक्षर करा कर बीस हजार रुपये निकाल लिए। कहा कि वह बाद में रुपये खाते में जमा कर देंगे। अभी तक जमा नहीं किए हैं। कई बार कहा तो जाति सूचक गाली दी। कहा कि दोबारा रुपये मांगे तो जान से मार देंगे। मामले की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा तो रिपोर्ट नहीं लिखी गई। इससे न्यायालय की शरण ली। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई होगी।