फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: शहर आए कांवड़िया, बिखरी भक्ति की छटा

विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। सावन का महीना जैसे जैसे विदाई की बेला में पहुंच रहा है, वैसे ही शिव भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। शुक्रवार को बिलग्राम से कन्नौज पहुंची कांवड़ यात्रा में आए कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। वहीं, कांवड़ियों के उत्साह से भक्ति की छटा बिखरी नजर आई। बिलग्राम के मंशानाथ मंदिर से पहुंचे कांवड़ियों ने बम-बम भोले के जयकारों के बीच महादेवी घाट से जल भरकर शहर के सिद्धपीठ बाबा गौरी शंकर मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया। शहर पहुंचे कांवड़ियों का कदम कदम पर स्वागत हुआ।
विज्ञापन



कांवड़ यात्रा के पहुंचने से समूची इत्रनगरी भगवा रंग में रंग गई। महादेवी गंगा घाट से शहर की सड़कों और शिवालय तक धर्म और आस्था का सैलाब ही नजर आया। हजारों कांवड़ियों ने सिद्धपीठ बाबा गौरी शंकर मंदिर के दरबार में हाजिरी लगाकर जलाभिषेक किया। कांवड़ियों के लिए भंडारे के साथ में इत्र की फुहारों और फूलों की बारिश से शहर में कदम-कदम पर स्वागत किया। हर साल की तरह इस बार भी हरदोई के बिलग्राम से आए हजारों कांवड़ियों ने पहले महादेवी गंगा घाट से जलभरा।
जीटी रोड होते हुए सिद्धपीठ बाबा गौरी शंकर मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया। कांवड़ियों के स्वागत करने के लिए इत्रनगरी को दुल्हन की तरह सजाया गया। खासकर बोर्डिंग मैदान को फूलों और रंग बिरंगी बिजली की झालरों से सजाया गया, जिसकी शोभा देखते ही बनी। सरायमीरा स्थित जीटी रोड पर लगे स्टॉलों के बोर्डिंग मैदान पर बाबा गौरी शंकर कांवड़िया सेवा मंदिर की ओर से कांवड़ियों के लिए भंडारा आयोजित किया गया। इसमें दूरदराज से आए हजारों कांवड़ियों ने हिस्सा लिया। कांवड़ियों की भीड़ से इत्रनगरी की सड़कें व गलियां केसरिया रंग से सराबोर रहीं। हर ओर बम-बम भोले व हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। डीजे की धुनों पर नाचते कांवड़िया बोर्डिंग मैदान पहुंचे। जहां लगे स्टॉलों पर कांवड़ियों ने लजीज व्यंजनों का स्वाद लिया। दोपहर से शुरू हुआ भंडारा देर रात तक चलता रहा।
विज्ञापन


अफसर रहे सतर्क, सुरक्षा व्यवस्था सख्त
कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ी संख्या में शहर पहुंचे शिव भक्तों की सहजता और सुलभता के लिए कदम-कदम पर पुलिस और प्रशासनिक अफसर सतर्क रहे। सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी भी ड्यूटी के साथ सेवा का मौका पाकर निहाल नजर आए। इसी के साथ कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर की ओर से जाने वाली सड़क पर बड़े वाहनों को नहीं जाने दिया गया।
बुलडोजर से बरसे फूल, बांटा शरबत
कांवड़ यात्रा को लेकर नगर पालिका की ओर से भी साफ-सफाई के साथ स्वागत के ही इंतजाम रहे। ईओ श्यामेंद्र मोहन चौधरी की मौजूदगी में पुलिस लाइन मोड़ के करीब बुलडोजरों से फूल बरसाए गए। धीरे-धीरे कदम बढ़ाकर चल रहे कांवड़ियों को शरबत के साथ स्वल्पाहार बांटा गया। महादेवीघाट से लेकर बाबा गौरी शंकर तक सफाई कर्मी व्यवस्था में लगे रहे, जिसकी हर कोई सराहना करता रहा।

तिरंगा झंडा संग दिखा देशभक्ति का जोश
मन में भक्ति, तन पर भगवा वस्त्र के साथ कांवड़ियों ने तिरंगा झंडा लेकर देशभक्ति का भी संदेश दिया। कांवड़ यात्रा के साथ युवा टोली तिरंगा झंडा लेकर साथ चलती रही। इसी के साथ यात्रा में कई सजीव या जीवन झांकियां भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें