कन्नौज के तिर्वा में पूर्व फौजी के घर सीढ़ी लगाकर घुसे चोरों ने घर में रखी लाइसेंसी पिस्टल, मैगजीन, जेवरात के साथ 15 हजार रुपये चुरा लिए। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़ित से पूछताछ की। कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के समीप तिर्वा कन्नौज मार्ग के निकट पूर्व फौजी मिलाप सिंह चौहान का घर है।
पत्नी रश्मि चौहान ठठिया थाना क्षेत्र के तिलसरा गांव में जूनियर विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं। मिलाप सिंह अपने दो बच्चों के साथ घर पर रहते थे। शनिवार की रात करीब तीन बजे मिलाप ने दूसरे कमरे में खटपट की आवाज सुनी तो जाग गए। चिल्लाने पर कमरे में घुसे चोर भाग निकले। जब मिलाप कमरे में देखे तो अलमारी खुली व समान बिखरा था।
पीड़ित फौजी ने बताया कि अलमारी की रैक में उसकी पिस्टल व सात राउंड मैगजीन पड़ी थी। साथ ही पांच तोले की तीन अंगूठी, एक सोने की चेन, दो लेडीज अंगूठी वह एक चांदी की पायल व 15 हजार की नकदी अलमारी में रखी थी। जिसे बदमाशों ने पार कर दी। उसने बताया कि चोर सीढ़ी के जरिए तीन मंजिला मकान की छत पर पहुंच ऊपर रोशनदान से नीचे दो मंजिला पर आए।
जब वह जागा और चिल्लाना शुरू किया तो चोर नीचे फरार हो गए। पीडित की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने तीन लोगो को संदिग्ध मानकर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।