फोटो:18: तहसील में एसडीएम गरिमा सिंह ने मिड-डे मील न बनने की शिकायत करते कंपोजिट स्कूल किनौरा के छात?
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा। कंपोजिट विद्यालय किनौरा में 23 दिनों से मिड-डे मील न मिलने पर छात्र-छात्राएं परिजनों के साथ तहसील पहुंचे। एसडीएम से भोजन देने वाली इस योजना का लाभ दिलाने की गुजारिश की। उन्होंने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
उमर्दा विकास खंड क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय किनौरा के कई छात्र-छात्राओं ने कहा कि उनका मिड-डे मील का हक मारा जा रहा है। स्कूल में भोजन न मिलने की वजह से वह भूखे पेट रहते हैं। एसडीएम गरिमा सिंह ने तहसीलदार अनिल सरोज को जांच कर जल्द से जल्द बच्चों को मिड-डे मील देने के निर्देश दिए।
प्रधानाध्यापक के निलंबित होने के बाद से लाभ बंद
मई में किनौरा विद्यालय का एक वीडियो वायरल हुआ था। उसमें दावा किया गया था कि छात्र-छात्राएं शौचालय की सफाई कर रहे हैं। इसी आरोप में प्रधानाध्यापक बिंदु प्रभा को निलंबित कर दिया गया था। उन पर आरोप लगा रहा है कि अब तक उन्होंने चार्ज नहीं दिया है, जिसके कारण स्कूल में मिड-डे मील नहीं बन पा रहा है। उधर, निलंबित प्रधानाध्यापक का तर्क है कि 20 जून को ही उन्होंने चार्ज सौंप दिया था।
बीईओ गिरिजेश कटियार ने बताया कि निलंबित प्रधानाध्यापक ने केवल रसोई की चाबी दी है। अन्य चाबियां अब तक नहीं मिली हैं। एक बार उनको नोटिस भी दिया जा चुका है। नोटिस में दो दिन का समय भी दिया गया था, लेकिन कोई जवाब नहीं आया है।