कन्नौज। पुलिस और कुछ स्थानीय लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक परिवार ने डीएम को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें उन्होंने धर्मांतरण की अनुमति मांगी है। डीएम ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
शहर के मोहल्ला हाजीगंज खुर्द निवासी राकेश कुमार, पत्नी और बड़े भाई के साथ शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र को प्रार्थना पत्र सौंपा। इसमें बताया कि उनके मकान पर कुछ लोग अवैध ढंग से कब्जा करना चाहते हैं। कई बार घर में घुसकर सामान फेंक दिया। आरोपियों से मिलकर पुलिस भी उनका और परिवार का उत्पीड़न कर रही है। इससे आहत होकर वह लोग हिंदू धर्म त्याग कर गैर धर्म अपनाना चाहते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि परिवार का कुछ लोगों से मकान बिक्री को लेकर विवाद चल रहा है। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।