तिर्वा। मेडिकल कालेज में भर्ती किसान की इलाज के दौरान मौत होने से गुस्साए परिजनों ने हंगामा और प्रदर्शन किया। इन्होंने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया।
कन्नौज कोतवाली के तहसीपुर गांव निवासी किसान सुलेमान (65) की रविवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। परिजन इन्हें मेडिकल कालेज ले आए। यहां डॉक्टरों ने भर्ती कर उपचार शुरू किया। सोमवार सुबह मौत हो गई। मौत की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। नाराज परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बेटे महबूब ने बताया कि रात में तबीयत खराब होने पर डॉक्टरों की खोज की। डॉक्टर और स्टाफ घंटों तक नहीं मिला। सभी लोग सो रहे थे। रात में हंगामा काटा तो डॉक्टर ने इलाज किया।
सोमवार सुबह देर तक डॉक्टर देखने नहीं आए। बाद में आए तो दो इंजेक्शन लगा दिए। इंजेक्शन लगते ही पिता की मौत हो गई। मेडिकल कालेज के डॉक्टरों ने लापरवाही बरती है। मौके पर पहुंचे कोतवाल शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने आक्रोशित परिजनों को समझा कर शांत कराया। कोतवाल ने बताया कि परिजनों को समझाया गया है। यह मान गए। शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए हैं। इन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।