कन्नौज। कोरोना संक्र्रमण के चलते मार्च से स्थगित हुई उत्सर्ग एक्सप्रेस का संचालन फिलहाल स्पेशल ट्रेन के रूप में सप्ताह में तीन दिन किया जाएगा। इससे छपरा-फर्रुखाबाद के मध्य यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। ट्रेन के सभी कोच आरक्षित श्रेणी के होंगे।
यह जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि रेलवे दो मार्च से छपरा-फर्रुखाबाद के बीच उत्सर्ग एक्सप्रेस (05083 )का विशेष ट्रेन के रूप में संचालन करेगा। यह गाड़ी प्रत्येक मंगलवार, बुधवार व शनिवार को छपरा से शाम छह बजे चलेगी। गौतम स्थान, मांझी, सुरेमनपुर, रेवती, सहतवार, बलिया, चिलकहर, रसड़ा, रतनपुरा, मऊ, मुहम्मदाबाद, सठियांव, आजमगढ़, सरायमीर, खोरासन, शाहगंज, अकबरपुर, गोसाईंगंज, अयोध्या, फैजाबाद, रुदौली, दरियाबाद, बाराबंकी, बादशाहनगर, लखनऊ सिटी, ऐशबाग, उन्नाव, कानपुर सेंट्रल, कानपुर अनवरगंज, कन्नौज होकर दूसरे दिन फर्रुखाबाद पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन कन्नौज में सुबह 10:51 बजे पहुंचेगी। इसी तरह यह एक्सप्रेस ट्रेन हर बुधवार, गुरुवार व रविवार को छपरा के लिए चलेगी। लौटते समय यह ट्रेन कन्नौज रेलवे स्टेशन पर 3:45 बजे पर पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे जोकि सारे आरक्षित रहेंगे।