कन्नौज जिले के गुरसहायगंज में खाद खरीदने के बहाने दुकान पर बुलाकर व्यापारी और पल्लेदार को बोलेरो में अगवा कर लिया गया। कुछ देर बाद पल्लेदार के मोबाइल से फोन कर तीस लाख रुपये फिरौती की मांग की गई। सूचना पर तमाम व्यापारी पहुंच गए।
पुलिस मोबाइल के आधार पर बदमाशों का सुराग पाने का प्रयास कर रही है। दूसरी ओर एसपी प्रशांत वर्मा ने मोबाइल सर्विलांस सेल को सक्रिय कर टीमों को लगा दिया है। कस्बे के मोहल्ला पटेलनगर निवासी विकास गुप्ता की मुरादगंज में खाद की दुकान है।
गुरुवार की रात करीब नौ बजे विकास के चचेरे भाई रजनीश गुप्ता के मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन कर खाद लेने की बात कही। इस पर रजनीश ने विकास (28) को खाद देने के लिए दुकान पर भेज दिया। दुकान पर पहुंचे विकास ने पास में ही रहने वाले असलम को खाद की बोरी लादने के लिए बुलाया।
इस दौरान असलम कुछ बोरी बोलेरो में लाद पाया था कि बदमाशों ने दोनों को बोलेरो में खींचकर अपहरण कर लिया। बोलेरो तेजी से कन्नौज शहर की ओर निकल गई। मौके पर कुछ लोगों ने इस घटना को देखा। उन्होंने बताया कि सफेद बोलेरो में छह से ज्यादा लोग बैठे थे। बोलेरो में सफेद पर्दे पड़े थे।
सूचना पर कोतवाल टीपी वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले की छानबीन शुरू कर दी। व्यापारी का मोबाइल दुकान पर छूट गया। पल्लेदार असलम के मोबाइल से बदमाशों ने विकास के भाई अंकित (जो कुशीनगर में टीचर है) के फोन पर तीस लाख रुपये फिरौती मांगी है। सात जुलाई को विकास का विवाह हुआ है।