कन्नौज। शहर के बोर्डिंग ग्राउंड में ओम प्रकाश पाठक स्मृति राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच एकता क्रिकेट क्लब इटावा ने जीत लिया। बारिश से बाधित इस मैच में डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर एकता क्रिकेट क्लब इटावा को 14 रन से विजयी घोषित किया गया।
टूर्नामेंट के तृतीय संस्करण में गुरुवार को एकता क्रिकेट क्लब इटावा टीम और शौर्य क्रिकेट क्लब इटावा के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। एकता क्लब इटावा के कप्तान इरशाद मेव ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 30 ओवर में 216 रन आठ विकेट के नुकसान पर बनाए। एकता क्लब इटावा के बल्लेबाज जयवीर ने सर्वाधिक 72 रन बनाएं। बल्लेबाज चंद्रपाल सैनी ने 46, सत्यम सांगू ने 41 रन और कप्तान इरशाद मेल ने 30 रन बनाए। शौर्य क्रिकेट क्लब इटावा के गेंदबाज अक्षत पांडे ने पांच विकेट, हर्ष त्यागी ने दो विकेट, तरुण सिंह ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शौर्य क्लब इटावा की टीम 23 ओवर में 145 रन 5 विकेट के नुकसान पर बना पाई। इस बीच अचानक बारिश होने लगी। बारिश न रुकने और मैच समय अवधि पूर्ण होने के कारण एकता क्रिकेट क्लब इटावा को डकवर्थ लुईस के तहत 14 रन से फाइनल विजेता घोषित किया गया।
शौर्य क्लब इटावा के बल्लेबाज निशांत कुशवाहा ने सर्वाधिक 49 रन बनाए। तरुण सिंह 16 रन, अक्षत पांडे सात रन और राहुल तोमर ने 12 रन बनाए। बारिश आने के दौरान नाबाद बल्लेबाज रहे हर्ष त्यागी 33 रन और प्रियांशु का 20 रन का योगदान रहा। एकता क्लब इटावा के गेंदबाज विपिन, ज्ञानेश, विजय यादव ने एक-एक विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच अक्षत पांडे रहे। छोटू पाठक और चितवन पाठक ने पुरस्कार प्रदान किया गया।
मैन ऑफ द सीरीज भी अक्षत पांडे रहे। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज सत्यम सांगू रहे। बारिश के चलते एक निजी गेस्ट हाउस में सांसद सुब्रत पाठक सांसद, संजय सामवेदी, पवन त्रिवेदी और अब्दुल मलिक ने विजेता और उपविजेता ट्राफी प्रदान की। इस दौरान रितेश शर्मा, रोहित सिंह, आकाश मिश्रा, पारस दुबे, सजल सिंह, शुभम दुबे, आनंद मिश्रा, ममतेश तिवारी, तपेश तिवारी, मनजीत चौरसिया और जुबेर हाशमी मौजूद रहे।