छिबरामऊ। बिल के 10 करोड़ रुपये की बकायेदारी पर बिजली विभाग ने कांशीराम कालोनी की बिजली काट दी। इससे यहां के 950 लोगों को भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ा। कॉलोनी के लोगों ने बिजली विभाग पहुंचकर एक्सीएन से आपूर्ति शुरू कराए जाने की मांग की।
बिजली विभाग की टीम ने बुधवार की शाम को कांशीराम कालोनी की आपूर्ति को बंद कर दिया। बिजली विभाग के अवर अभियंता अजय अवस्थी ने बताया कि कांशीराम कालोनी में 950 कनेक्शनधारक हैं। कई सालों से ये बिल जमा नहीं कर रहे हैं। इससे बिजली विभाग का करीब 10 करोड़ रुपये कालोनी पर बकाया है।
गुरुवार को कालोनी में रहने वाली सोनम, मीना, चंदा बेगम, नाजमीन, कमरुलनीसा, सोमवती, फातिमा, नारो, नीलम, पारुल, राकेश, संगीता, सुमन, सुनीता, मलिका, नरैना, अनूपा देवी, रानी, काजल, सरला, नसरीन, अनीता और कमलेश बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे यहां एक्सीएन रवींद्र कुमार से बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की।
एक्सीएन रवींद्र कुमार ने बताया कि बकायेदारों से बिल जमा करने के लिए कहा गया है। आला अधिकारियों के निर्देश पर बिजली आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।