छिबरामऊ। एसडीएम के निरीक्षण में दो गोशालाओं में मिलीं खामियों के बाद बीडीओ ने पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण मांगा है। पंचायत सचिव को तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को एसडीएम अशोक कुमार ने ग्राम नगला दिलू स्थित वृहद गो संरक्षण केंद्र व रंधीरपुर गोशाला का निरीक्षण किया था। वृहद गो संरक्षण केंद्र में चारे का कोई इंतजाम नहीं था, जबकि एक माह पहले ही चारे की बुवाई के निर्देश दिए गए थे। एक गोवंश भी बीमार था। वहीं रंधीरपुर की गोशाला में कोई भी मवेशी मौजूद नहीं मिला।
गुरुवार को बीडीओ अखिलेश तिवारी ने पंचायत सचिव कौशलेंद्र सिंह को स्पष्टीकरण जारी कर दिया। इसमें पूछा गया कि रंधीरपुर गोशाला में आठ गोवंश होने की सूचना उनके कार्यालय को दी गई थी, जबकि निरीक्षण में कोई गोवंश नहीं मिला। बीडीओ ने बताया कि पंचायत सचिव को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है।