कन्नौज। तिर्वा नगर पंचायत क्षेत्र के कई मोहल्लों में करीब 14 घंटे बिजली गुल रही। लोग हवा-पानी तक को तरस गए। हैंडपंपों पर लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। धूप में लोग खासे परेशान हो गए। विभाग का कहना है कि सोमवार देर रात ट्रांसफार्मर फुंक गया था, जिसे मंगलवार को बदला गया।
तिर्वा कोतवाली रोड पर रखा ट्रांसफार्मर सोमवार की रात करीब दो बजे ओवरलोडिंग के चलते फुंक गया। बिजली गुल होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि कुछ देर में आ जाएगी, लेकिन मंगलवार दोपहर तक हालात जस के तस रहे। शाम करीब चार बजे के बाद मोहल्ला दुर्गानगर, अन्नपूर्णा नगर, शास्त्री नगर समेत कई इलाकों की आपूर्ति चालू हो सकी। इसके बाद बाशिंदों ने राहत की सांस ली। करीब 14 घंटे तक बिन बिजली के गर्मी में उपभोक्ता परेशान हुए। एसडीओ कुलदीप राजूपत ने बताया कि दुर्गानगर इलाके में लगा ट्रांसफार्मर फुंक गया था। उसको बदलवाने के बाद आपूर्ति चालू कर दी गई है।