कलक्ट्रेट रोड पर फुंके ट्रांसफार्मर को क्रेन की मदद से बदला गया। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। बुधवार की शाम आई आंधी तिर्वा रोड के बाशिंदों के लिए आफत बन गई। आंधी के बीच ट्रांसफार्मर फुंकने से लोग 21 घंटे तक हवा-पानी तक को तरसते रहे। ट्रांसफार्मर बदलने के बाद गुरुवार शाम करीब चार बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
तिर्वा रोड के कलक्ट्रेट मार्ग के करीब लगा ट्रांसफार्मर बुधवार की शाम करीब सात बजे आंधी आने के दौरान फुंक गया था। इससे 21 घंटे तक बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में बिना बिजली के पसीना-पसीना हुए लोगों को बुधवार देर शाम करीब सात बजे से गुरुवार की शाम चार बजे तक पेयजल संकट भी झेलना पड़ा। क्रेन की मदद से खराब ट्रांसफार्मर को हटाकर नया रखा गया। अवर अभियंता समीम ने बताया कि कलक्ट्रेट रोड पर रखा ट्रांसफार्मर बुधवार की शाम खराब हो गया था, जिसको बदल दिया गया है। उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति दी जा रहा है।
बैंक दफ्तरों में खूब धड़धड़ाए जनरेटर
तिर्वा रोड पर ट्रांसफार्मर खराब होने से बैंक, सरकारी व गैर सरकारी दफ्तरों का भी काम प्रभावित हुआ। काम निपटाने के लिए सुबह से लेकर शाम तिर्वा रोड पर खूब जनरेटर धड़धड़ाते रहे।