कन्नौज। जन्मतिथि में छेड़छाड़ और फर्जी शैक्षिक अभिलेख तैयार करने के बाद एक शिक्षामित्र ने नौकरी पा ली। एक पार्टी का कार्यकर्ता होने का भी आरोप लगा है। मामले की शिकायत डीएम से हुई है। बेसिक शिक्षा मंत्री और सांसद के पास भी शिकायती पत्र गया है। उसके बाद जांच के आदेश हुए हैं।
ब्लॉक सौरिख क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी रामअवतार सिंह ने कलक्ट्रेट में डीएम को शिकायती पत्र दिया है। आरोप लगाया है कि जिला मैनपुरी के थाना बेबर इलाके के एक गांव निवासी युवक उसके गांव में रहता है। फिलहाल वह एक प्राथमिक स्कूल में शिक्षामित्र पद पर तैनात है। आरोप है कि जन्मतिथि बदलकर और फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्र के आधार पर उसने नौकरी पाई है। शिकायतकर्ता ने शिक्षामित्र को एक पार्टी का कार्यकर्ता भी बताया है। मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग हुई है। डीएम राकेश मिश्र ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ आरएन सिंह को पत्र लिखा है। उसके बाद सीडीओ ने बीएसए संगीता सिंह को पत्र भेजकर पूरे मामले की रिपोर्ट तीन दिन में मांगी है।