कन्नौज। शहर के जीटी रोड किनारे स्थित नवीन कृषि मंडी समिति में 10 मार्च को विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती होगी। इसको लेकर आला-अफसरों ने तैयारियों में तेजी लाने की बात कही है। गुरुवार को मतगणना स्थल पर पहुंचकर जायजा भी लिया।
गुरुवार को मतगणना स्थल पर साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल व बैरिकेडिंग की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मिश्र ने दिए। एसपी प्रशांत वर्मा के साथ उन्होंने मंडी स्थल पर स्ट्रांग रूम व अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने विधानसभा कन्नौज, तिर्वा एवं छिबरामऊ की मतगणना के अलावा कंट्रोल कक्ष, कार्मिकों अथवा पार्टी एजेंटों सहित आरओ व एआरओ टेबल की व्यवस्था को लेकर निरीक्षण किया। बैरिकेडिंग और लोहे की जाली के कार्य को देखा। कुर्सियां, पेयजल व स्वच्छ मोबाइल शौचालय, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही। मीडिया पंडाल, टीवी, कंप्यूटर पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर एडीएम गजेंद्र कुमार, एसडीएम न्यायिक तिर्वा गरिमा सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार आदि मौजूद रहे।