छिबरामऊ। विकास खंड की 14 ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सहायकों को अभी एक भी माह का वेतन नहीं मिला है। इन पंचायत सहायकों के खातों की फीडिंग कर इनको दिसंबर माह का मानदेय दिलाने के लिए विभाग जुटा हुआ है। हालांकि दो पंचायत सहायकों पर सेवा समाप्ति की तलवार भी लटकी हुई है।
छिबरामऊ विकास खंड की 96 ग्राम पंचायतों में अक्तूबर माह में पंचायत सहायकों की भर्ती की गई थी। शासन के निर्देशों के अनुसार इन पंचायत सहायकों को दिसंबर माह से मानदेय मिलना था। विकास खंड की 78 ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सहायकों के खाते में ग्राम सभा के राज्य वित्त से मानदेय भेज दिया गया। लेकिन अभी तक पंचायत सहायक छिबरामऊ देहात, असालत नगर, बरुआ सबलपुर, सिकंदरपुर निगोह, हमीरपुर, सराय दायमगंज, कैरदा, हरिकरनपुर, जमामर्दपुर, चंदरपुर, खानपुर कसाबा, त्यौर, महमूदपुर जागीर व नंदलालपुर के खाते में मानदेय नहीं पहुंचा है। हालांकि सराय दायमगंज व महमूदपुर जागीर में तैनात पंचायत सहायक कार्य नहीं कर रहे हैं। इनको दो बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अब इन पर सेवा समाप्ति की तलवार लटक रही है।
सोमवार को एडीओ पंचायत यशकरन सिंह इन ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सहायकों के खातों की फीडिंग कराकर उनको मानदेय दिलाने की प्रक्रिया में जुटे रहे। उन्होंने बताया कि कई पंचायत सहायकों के खाते में तकनीकी कमी थी तो कई के खातों का ब्यौरा उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते मानदेय मिलने में देरी हुई है। अब जल्द ही सभी खातों में मानदेय भेज दिया जाएगा।
चार पंचायत सहायक दे चुके इस्तीफा
विकास खंड के ग्राम विकूपुर, कूंदेपुर, लोकपुर शंकरपुर व रूपपुर में तैनात पंचायत सहायक पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। इस्तीफे के बाद से इन गांवों में पंचायत सहायक का पद खाली चल रहा है।