छिबरामऊ। नगर की बैंक ऑफ बड़ौदा से भाजपा नेता का 15 लाख रुपयों से भरा बैग चोरी होने के बाद पुलिस की तीन टीमें आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई हैं। पड़ोसी जनपदों में बैंकों में हुई चोरी की वारदातों को भी पुलिस खंगाल रही है। इन वारदातों को अंजाम देने वाला गिरोह भी पुलिस की रडार पर हैं।
नगर की बैंक ऑफ बड़ौदा से 28 जनवरी को भाजपा नेता कौशल किशोर दीक्षित ने 15 लाख रुपये निकाले थे। रुपये निकालकर उन्होंने बैग में काउंटर पर रख दिया था। कुछ देर बाद युवक रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। इस मामले के खुलासे के लिए एसपी प्रशांत वर्मा ने जनपद की एसओजी के अलावा कोतवाली की दो टीमाें को लगा दिया है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस पड़ोसी जनपद कानपुर नगर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, औरैया, मैनपुरी में बैंक से हुई चोरी की वारदातों की जानकारी जुटा रही है। इन चोरियों को अंजाम देने वाले गिरोह पुलिस की रडार पर हैं।
पुलिस सीसीटीवी कैमरे में कैद युवक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है। इस संबंध में कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि पुलिस गहनता से मामले की जांच में जुटी हुई है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।