कन्नौज। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र और एडीएम गजेंद्र सिंह ने निर्वाचन अधिकारियों और मास्टर टेनर्स की बैठक ली। इसमें डीएम ने कहा कि मतदान सामग्री मिलने के बाद मौके पर ही सूची से मिलान किया जाएगा। सभी पोलिंग पार्टियां पूरी तैयारी के साथ ही मतदान केंद्र पहुंचेंगी।
कलक्ट्रेट सभागार में रविवार को बैठक लेते हुए डीएम ने मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण सत्र की बैठक ली। उपस्थित मास्टर ट्रेनर्स से कहा कि मतदान प्रक्रिया में लगाए जाने वाले कार्मिक जैसे पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम द्वितीय एवं तृतीय के द्वारा किए जाने वाले कार्य एवं उनके उत्तरदायित्व के संबंध में पूरी जानकारी दी जाए। मतदान दिवस के दिन पीठासीन अधिकारी सुबह साढ़े पांच बजे मॉक पोल की प्रक्रिया प्रारंभ कर देंगे। मतदान सामग्री प्राप्त करते समय प्राप्त सामग्री को सूची से मिलान किया जाएगा। बैलट यूनिट कंट्रोल, यूनिट एवं वीवीपैट के एड्रेस टैग का नियुक्ति पत्र में अंकित बूथ से मिलान करेंगे, अभ्यर्थी सूची, ग्रीन पेपर सील, पिंक पेपर सील, सांविधिक और अत्यधिक लिफाफे, सीलिंग वैक्स, अमिट स्याही चेक कर ही टीम रवाना होगी।