कन्नौज। छिबरामऊ एसडीएम व तहसीलदार ने तीन वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। वैक्सीनेशन सेंटर से गैरहाजिर लेखपाल व पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एसडीएम अशोक कुमार, तहसीलदार राजू कुमार वैक्सीनेशन का जायजा लेने के लिए निकले। कमालपुर गांव में पंचायत सचिव व मेंदेपुर गांव में लेखपाल नदारद मिले। मानपुर गांव में एएनएम वैक्सीनेशन सेंटर पर नहीं मिलीं। एसडीएम ने गैरहाजिर पंचायत सचिव व लेखपाल से स्पष्टीकरण मांगा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया कि 228 को कोरोना की पहली डोज, 3044 को दूसरी डोज, 15 से 17 साल तक के किशोरों को 283 व नौ लोगों को प्रीकॉशन डोज लगाए गए हैं। सदर एसडीएम उमाकांत तिवारी ने ग्रामीणों क्षेत्रों के वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। जसोदा, मिरगांवा, बलिदादपुर, बहेलियनपुर्वा और गगुरापुर क्षेत्र के वैक्सीनेशन सेंटरों का निरीक्षण किया।
लापरवाही देख तिर्वा तहसीलदार ने लगाई फटकार
तिर्वा। रविवार को तहसीलदार अनिल कुमार सरोज ने पाला, बस्ता, बहादुरपुर व हरीपुर्वा गांव में लगे वैक्सीनेशन कैंप का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई केंद्र पर कर्मियों की लापरवाही देख उन्होंने जमकर फटकार भी लगाई। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के कार्य में लगे लेखपाल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समेत अन्य लोग घर-घर जाकर लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें।