तिर्वा। देश में कोरोना संक्रमित मरीजों को देखते हुए डीएम ने मेडिकल कॉलेज में बने ऑक्सीजन प्लांट व आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड में गंदगी मिलने पर सफाई रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में सोमवार को डीएम राकेश कुमार मिश्रा ने ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। वहां तैनात कर्मचारियों से जानकारी ली। आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण भी किया। इस दौरान वार्ड के आसपास गंदगी होने पर साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि देश में लगातार कोरोना के नए वैरियंट ओमिक्रॉन के संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में सभी तैयारियां पूरी रखें। कोई संक्रमित आता है तो उसे पूरा उपचार मिले। मौके पर मुख्य विकास अधिकारी आरएन सिंह, सीएमओ डॉ.विनोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक मेडिकल कॉलेज डॉ.दिलीप सिंह उपस्थित थे।