कन्नौज। नगर पालिका अपनी आय सुधारने के लिए तमाम प्रयास कर रही है। पर, कई सरकारी विभाग ऐसे हैं जहां से उसे राजस्व ही नहीं मिल रहा है। इन पर करोड़ों रुपये बकाया है।
नगर पालिका का सबसे बड़ा बकायेदार बिजली विभाग है। करीब 16 सालों से बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग और सदर ब्लाक नगर पालिका के बड़े बकायेदारों की सूची में शामिल हैं। नगर पालिका अपने क्षेत्र में बने सरकारी और गैर सरकारी भवनों का जलकर और गृहकर वसूल करता है। पालिका के बकायेदारों में बिजली विभाग एक नंबर पर है। दूसरे नंबर पर स्वास्थ्य विभाग, तीसरे पर सदर ब्लाक है। नगर पालिका का बिजली विभाग पर करीब दो करोड़ 41 लाख 98 हजार रुपये का जलकर और गृहकर 2005 से बकाया है। दूसरे नंबर पर स्वास्थ्य विभाग का करीब ग्यारह लाख रुपये 2005 से बकाया है। तीसरे नंबर पर सदर ब्लाक का करीब एक लाख रुपये का बकाया है। नगर पालिका इन बकायेदारों को नोटिस पर नोटिस भेज रहा लेकिन पालिका को रकम अदा नहीं की गई।
कई बार विभागों को पत्र लिखा है
अधिशासी अधिकारी नीलम चौधरी का कहना है कि पालिका का बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग और सदर ब्लाक पर जलकर और गृहकर बकाया है। कई बार विभागों को बकाया जमा कराने के लिए पत्र लिखा है।