कन्नौज। मतगणना के करीब 38 घंटे बाद प्रशासन जिला पंचायत सदस्य का केवल एक परिणाम घोषित कर सका। वार्ड सात से सपा समर्थित प्रत्याशी सीता यादव ने 900 वोट से भाजपा समर्थित प्रत्याशी रूबी बेगम को हरा दिया। सीता यादव के पति राजेंद्र सिंह निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य हैं।
बता दें कि जिले में जिला पंचायत सदस्य के 28 पद हैं। इस पद के लिए वोटों की गिनती का काम बहुत ही धीमी गति से चल रहा है। इस पद के लिए भाजपा, सपा और बसपा तीनों ने प्रत्याशियों को अपना समर्थन देकर चुनाव मैदान में उतारा है। पहला परिणाम सपा के पक्ष में आने से सपाइयों में उत्साह का माहौल है। वहीं बता दें कि राजेंद्र सिंह एक प्रधान प्रत्याशी के पति को गोली मारने के आरोप में फरार चल रहे हैं। बेटा गिरफ्तार हो चुका है। दूसरी ओर अब तक मिल रहे रुझानों के मुताबिक जिला पंचायत के वार्ड संख्या 10 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी आरती सिंह राजपूत ने छिबरामऊ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव की मां व फर्रुखाबाद जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष पूर्व विधायक कप्तान सिंह की पत्नी प्रकाश देवी से छह हजार से अधिक वोटों से बढ़त हासिल कर ली है। अब यह माना जा रहा है कि परिणाम इनके पक्ष में होगा।