कन्नौज। इत्र कारोबारी फौजान मलिक, उनके दोनों भाई व दो मुनीमों को साथ लेकर गुरुवार को आयकर विभाग की टीम शहर के बैंक ऑफ बड़ौदा पहुंची। यहां उनके खातों और लॉकरों को खंगाल रही है। देर रात तक कार्रवाई जारी रही।
आयकर विभाग की टीम गुरुवार की सुबह यहां पहुंची तो उनके साथ इत्र कारोबारी फौजान मलिक, अब्दुल्ला मलिक और खुर्रम मलिक व उनके दो मुनीमा थे। टीम सीधे अशोक नगर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा पहुंची। यहां मोहम्मद अयूब मोहम्मद याकूब फर्म के बैंक खातों के लेनदेन की जांच शुरू की। फौजान मलिक के भाई खुर्रम मलिक के बैंक लॉकरों की भी छानबीन की जा रही है।
आयकर विभाग की टीम ने 31 दिसंबर को इत्र कारोबारी व सपा एमएलसी पुष्पराज जैन और इत्र कारोबारी फौजान मलिक के घर, कारखाने, कोल्डस्टोरेज पर छापे की कार्रवाई की थी। इत्र कारोबारी फौजान मलिक के घर और कारखाने में तीन दिन तक टीम ने जांच की थी। इसके बाद फौजान मलिक के घर से कुछ अहम दस्तावेज और लैपटॉप से कुछ डाटा लेकर लौट गई थी।
बताया गया कि टीम को फौजान मलिक के घर से कर चोरी से जुड़े कई कागजात, बड़ी मात्रा में सोना चांदी और करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये मिले थे। आयकर विभाग की टीम ने शनिवार को फौजान मलिक के साथ एसबीआई बैंक में करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये जमा किए थे।