कन्नौज। सहेली के साथ घर से अस्पताल के लिए निकलीं दोनों लापता युवतियां परिजनों को दिल्ली-गुड़गांव बार्डर पर मिलीं। परिजन कार से दोनों को घर ले आए। इधर, बुधवार को सदर कोतवाली में भाई ने अपहरण की तहरीर पुलिस को दी थी।
क्षेत्र के दाईपुर गांव निवासी निजामुद्दीन ने बुधवार को सदर कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि मंगलवार दोपहर को बहन अफसाना बिल्हौर क्षेत्र की सहेली पिंकी के साथ घर से मकरंद नगर स्थित एक निजी अस्पताल जाने को निकली थी। देर रात तक बहन अफसाना घर नहीं लौटी। अस्पताल जाने पर कुछ पता नहीं चल सका। देर शाम घर के फोन पर बहन की सहेली पिंकी के परिजनों का फोन आया।
पता चला कि पिंकी भी अपने घर पर नहीं पहुंची। इधर, तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने युवतियों के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया। लोकेशन दिल्ली-गुडगांव बार्डर पर मिली। पुलिस को लोकेशन मिलते ही परिजन कार से गुडगांव-दिल्ली बार्डर के लिए रवाना हो गए। बुधवार देर रात दिल्ली-गुडगांव बार्डर के पास एक बस स्टॉप पर दोनों युवतियां मिल गईं। परिजन कार से दोनों को घर ले आए। सदर कोतवाली प्रभारी अलोक कुमार दुबे ने बताया कि दोनों सहेलियों के फोन की लोकेशन मिली थी। परिजनों को दोनों युवतियां दिल्ली-गुडगांव बार्डर पर मिल गई हैं। अपहरण जैसी कोई बात अभी तक सामने नहीं आई है।