कन्नौज। जिले में दो अक्टूबर को इस बार कचरा मुक्त शहर की थीम पर भी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। अपर जिलाधिकारी वित गजेंद्र कुमार ने कलक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों व एनजीओ को संबोधित करते हुए यह बात कही।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि दो अक्टूबर को जनपद में गांधी जी के विचारों पर आधारित कार्यक्रम वृहद स्तर पर आयोजित करने में सभी सहयोग दें। बैठक की शुरुआत में वहां उपस्थित व्यक्तियों के सुझाव आमंत्रित किये गए। प्रधानाचार्य केके इंटर कालेज विभिन्न प्रतियोगिताओं को आयोजित करने एवं उसमें जीतने वाले छात्र छात्राओं को अपने स्तर से पुरस्कृत करने का सुझाव दिया। कहा, जिसपर उनकी सराहना भी की गई। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र बाबू ने विभिन्न विद्यालयों में एक अक्टूबर को "स्वस्थ शरीर में स्वस्थ दिमाग निवास करता है" की थीम पर वाद-विवाद, पेंटिंग, निबंध आदि प्रतियोगिता आयोजित कराये जाने एवं उसमें विजयी छात्र छात्राओं को दो अक्टूबर को तहसील स्तर पर एवं कन्नौज के छात्रों को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने जनपद में स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमाओं के स्थलों की साफ सफाई सुनिश्चित करते हुए दो अक्टूबर को प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने एवं रामधुन का गायन कराने के लिए सभी एसडीएम और अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्त कार्यालयों, विद्यालयों, एवं अन्य संस्थाओं में महात्मा गांधी जी के चित्र का अनावरण व माल्यार्पण करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व जीवन संघर्ष, उनकी देश सेवा एवं उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला जायगा। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को एक अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का आयोजन करने, निकायों में स्थित मलिन बस्तियों एवं अन्य स्थलों पर प्लास्टिक प्रथकीकरण के साथ ही जागरूकता अभियान एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर विकल्प श्री, समस्त तहसीलदार, परियोजना निदेशक, जिला सूचना अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।