हादसे में बाल-बाल बची नताशा, तन्मय और भूमि।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। कार सवार बेटा-बेटी, साली, एक रिश्तेदार और चालक सकुशल रहे।
मेरठ जिले के जेल चुंगी आशा नगर निवासी नितिन शर्मा (40) पुत्र अजय शर्मा कार से इलाहाबाद रिश्तेदारी में जा रहे थे। नितिन के साथ पत्नी रश्मि (38), बेटी भूमि (10), बेटा तन्मय (6) और साली नताशा (13), रिश्तेदार प्रेम प्रकाश पुत्र रामनारायण निवासी जौनपुर भी थे। कार अवधेश पुत्र रामचंद्र निवासी इलाहाबाद चला रहे थे। ठठिया थाना क्षेत्र के होलेपुर गांव के सामने एक्सप्रेस वे पर मरा कुत्ता देख चालक ने कार को उससे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। नितिन और रश्मि गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रेम प्रकाश और अवधेश को मामूली चोटें आईं। भूमि और तन्मय बाल-बाल बच गए। रश्मि का इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है।
प्रेम प्रकाश ने बताया कि नितिन की मौत हो गई है। नितिन दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे। वह छुट्टी पर घर आए थे। ठठिया थानाध्यक्ष विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।