जीटी रोड पर जाम लगाए लोगों को समझाते कोतवाली प्रभारी विनोद मिश्रा।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। हर्रा चौकी के निकट जीटी रोड पार कर रही वृद्धा को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विरोध में गांव के लोगों और परिजनों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। एक घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रोडवेज बस के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव तेरारागी निवासी ऊषा देवी (60) अपने पुत्र देवेंद्र कुमार, नातिन अंशिका के साथ हरदोई जनपद के थाना बिलग्राम के गांव नेवादा स्थित अपने मायके गई थीं। शुक्रवार दोपहर दो बजे वह लौटीं। सभी लोग टेंपो पर बैठकर गांव के सामने उतरे। इसके बाद पुत्र और नातिन के साथ जीटी रोड पार करने लगीं। तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ऊषा देवी को टक्कर मार दी। इनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक बस लेकर भाग गया। तेरारागी गांव से परिजन और सगे संबंधी मौके पर पहुंच गए। इन्होंने जाम लगा दिया। पुलिस एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक जीटी रोड पर वाहनों की कतारें लग गईं थीं।
कोतवाली प्रभारी विनोद मिश्रा और जलालपुर पनवारा चौकी प्रभारी ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बेटे देवेंद्र कुमार की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।