जसोदा (कन्नौज)। चोरों ने सोमवार की देर रात तीन घरों में धावा बोला और 34 लाख के जेवर व पांच लाख की नकदी पार कर दी। इसके बाद चोरों ने दो और घरों में घुसने का प्रयास किया पर कुत्तों के भौंकने पर चोर फरार हो गए। सीओ सिटी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। गुरसहायगंज के जसोदा चौकी क्षेत्र के ग्राम भुरजानी गांव निवासी संजीव उर्फ कल्लू दूध व्यापारी हैं। उनके भाई सतेंद्र, ब्रजकिशोर एक ही घर में रहते हैं। तीनों लोग कमरे में सो रहे थे। चोर पीछे की दीवार पर सीढ़ी लगाकर घर में दाखिल हुए और तीनों भाइयों के कमरों में बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद चाेरों ने दूसरे कमरे में रखी अलमारी और बक्सों से तीन हार, छह कंगन, चार सोने की चेन, तीन जोड़ी पायल, 12 अंगूठी, 500 ग्राम चांदी के सिक्के और चार लाख रुपये नकद पार कर दिए। पड़ोसी गंधरव सिंह की छत पर जेवरों के खाली डिब्बे और बैग भी पड़े मिले हैं।
इसके बाद चोर गांव के अवधेश के घर में दाखिल हुए। वहां से एक हार, एक मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, तीन अंगूठी, तीन जोड़ी पायल, तीन तोड़िया, दो कमर पेटी और 90 हजार रुपये पार कर दिए। इसके बाद चोर वीर प्रताप के घर में दाखिल हुए। वहां से चोर तोड़िया और पांच हजार रुपये ले गए। इसके बाद चाेरों ने विकास कुमार के घर के बाहर लगा बल्ब निकाला और घर में घुसने का प्रयास किया तो कुत्तों ने भौंकना शुरू कर दिया। इसके बाद बाद चोर वहां से निकल गए। चोर सेवानिवृत्त एसआई बादाम सिंह के घर पहुंचे पर दाखिल नहीं हो सके और लौट गए। सुबह चार बजे तीनों परिवारों काे चोरी की जानकारी हुई। तब ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। डायल 112 पुलिस टीम के साथ की सूचना पर सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय, कोतवाल आलोक दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। सीओ ने बताया कि पुलिस साक्ष्य एकत्र कर रही है और सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जल्द खुलासा किया जाएगा।