कन्नौज। वृद्धावस्था पेंशन के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये के हिसाब से तीन माह में तीन हजार रुपये की किस्त भेजी जाती है। समाज कल्याण विभाग ने जिले के सभी आठ ब्लाॅकों और आठ नगर निकायों को मिलाकर 69,142 लाभार्थियों का सत्यापन किया है।
ब्लाक क्षेत्र में ग्राम विकास अधिकारी या ग्राम पंचायत अधिकारी ने सत्यापन किया। नगर क्षेत्र में तहसील के लेखपाल ने सत्यापन किया है। सत्यापन अप्रैल से मई माह तक किया गया।
इसके बाद लेखपाल और सचिवों ने सत्यापन रिपोर्ट संबंधित ब्लाॅक और तहसील में दी, जो समाज कल्याण विभाग को भेजी गई। सत्यापन में 1295 मृतक और 96 अपात्र मिले हैं। अब इनका डाटा लाभार्थी सूची से हटाया जा रहा है। इसके बाद जुलाई माह में पेंशनरों को पेंशन भेजी जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी वेदप्रकाश मिश्र ने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रत्येक वर्ष सत्यापन किया जाता है।
वृद्धावस्था पेंशनधारकों का सत्यापन कर लिया गया है। मृतक और अपात्रों काे डाटा सूची से बाहर किया गया है।