सौरिख (कन्नौज)। जमीन के विवाद में समझौता न करने से इंकार करने पर दबंगों ने महिला को लाठी डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। परिजनों के साथ थाने पहुंची घायल महिला घंटों जमीन पर पड़ी तड़पती रही। किसी पुलिस कर्मी ने उसकी सुध नहीं ली। तहरीर मिलने के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ग्राम सराय प्रताप निवासी सुमनलता पत्नी शैलेंद्र कुमार जाटव का गांव के ही सुभाष चंद्र से काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा है। जिसमें सुमन की ओर से विरोधियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। आरोप है कि उसी मामले में विपक्षी लगातार समझौते का दबाव बना रहे थे।
आरोप है कि शनिवार को समझौते से इंकार करने पर सुभाष चंद्र ने अपने पुत्र उपेंद्र के साथ सुमन के घर में घुसकर लाठी डंडों से उसे पीट दिया। घायलावस्था में परिजन महिला को थाने लेकर पहुंचे। सुमन के परिजनों का कहना है कि वह थाने में दर्द से तड़पती रही और पुलिस कर्मी कार्रवाई के लिए तहरीर मांगते रहे। प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।