गुरसहायगंज (कन्नौज)। नगर पालिका ने दुकानों के किराये में सौ प्रतिशत की वृद्धि की है। नगर पालिका का नोटिस मिलने के बाद से दुकानदारों में हड़कंप है। दुकानदारों के समर्थन में आए सभासद ने किराया कम करने की मांग की है।
नगर पालिका ने किरायेदारों को नोटिस भेजकर किराये में 100 प्रतिशत वृद्धि की है। यानी इन्हें अब दोगुना किराया देना पड़ेगा। इसके साथ ही प्रतिवर्ष किराये में 10 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। नगर पालिका की दुकान किराये पर लिए चावल मंडी के अंसार खान मोहम्मद, आरिफ, रमेश चंद और अरबान खान आदि ने बताया कि नगर पालिका ने नोटिस भेजा है। इसके तहत किराया दोगुना कर दिया गया है। प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। इससे दुकानदार परेशान हैं।
दुकानदारों ने बताया कि बाजार मंदी के कारण परिवार का भरण पोषण मुश्किल से हो रहा था। अब किराये में वृद्धि कर दी गई है। इससे किराया देने में भी समस्या आएगी। किरायेदारों के पक्ष में आए सभासद अयूब सिद्दीकी ने बताया कि यह गलत है। किराया बढ़ाए जाने की सीमा निर्धारित होनी चाहिए। दोगुना किराया बढ़ाए जाने से दुकानदारों पर काफी बोझ पड़ेगा। उन्होंने प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत वृद्धि को गलत बताया। इसे तीन वर्ष पर 10 प्रतिशत वृद्धि करने के लिए कहा है।
वहीं अधिशासी अधिकारी मीनू सिंह ने बताया कि नगर पालिका की 320 दुकानें किराये पर हैं। इनका किराया बहुत कम है। किराया दोगुना करने के बाद भी बाजार भाव में ली गई दुकान की अपेक्षा काफी कम होगा। उन्होंने दुकानदारों से सहयोग किए जाने के लिए कहा है।