कोटेदार के खिलाफ मिल रहीं शिकायतों को लेकर चेयरमैन प्रतिनिधि व ईओ नगर पालिका ने कोटेदारों की कार्यप्रणाली की हकीकत जांची। इस दौरान कई दुकानें बंद मिलीं। इस पर उच्चाधिकारियों को लिखापढ़ी कर दोषी कोटेदारों पर कार्रवाई कराने की बात कही गई।
चेयरमैन प्रतिनिधि इंद्रकुमार गुप्ता व पालिका के ईओ बीडी भट्ट ने जनता द्वारा मिली शिकायतों के आधार पर मोहल्ला आजाद नगर में लक्ष्मी चंद्र चतुर्वेदी के कोटे पर छापा मारा। इस दौरान दुकान बंद मिली। मौजूद उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें राशन नहीं दिया जा रहा है।
साथ ही कोटेदार अभद्रता भी करते हैं। इसके बाद उन्होंने महेंद्र कोटेदार की दुकान जांची। यहां पर भी दुकान बंद मिली। इसके बाद सब्जी मंडी में कोटेदार राम औतार के यहां गए। यहां राशन वितरण होते मिला। यहां पर ईओ ने नए राशन कार्ड की सूची तलब कर उसे चेक किया।