मुख्य अतिथि को माला पहनाते समाज के लोग।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। शहर के मानपुर रोड के निजी गेस्ट हाउस में कुर्मी-क्षत्रिय अन्नदाता रथ मंगलवार देर शाम पहुंचा। अखिल भारतीय कुर्मी-क्षत्रिय महासभा ने समाज के लोगों को जोड़ने के लिए सम्मेलन का आयोजन किया। यहां बाल कुमार पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री तो नहीं, उपमुख्यमंत्री अबकी समाज का ही होगा।
मुख्य अतिथि कुर्मी-क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कुमार पटेल ने कहा कि समाज को एकजुट रहने की जरूरत है। दलगत राजनीति अपनी जगह है और समाज से जुड़ाव अपनी जगह। जहां भी रहें, समाज के हित का ध्यान रखें। प्रदेश अध्यक्ष मिर्जापुर के पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल ने कहा कि राजनीति में अभी समाज बहुत पीछे है। कुर्मी के पास पैसे की कमी नहीं है। कमी है तो सिर्फ कलेजे की। आज जैसी स्थिति है, उसमें आप मुख्यमंत्री तो नहीं बना सकते लेकिन उपमुख्यमंत्री अपने समाज का ही होगा। इसके लिए कमर कस लीजिए। एकजुटता दिखाएं। पार्टी कोई भी हो समाज को एक होना होगा। कुर्मी प्रदेश में 13 और देश में 18 प्रतिशत हैं। फिर भी हम लोग चाहें पान की गुमटी हो या चाय की दुकान, अपनी बातें नहीं कह पाते हैं। कुछ लोग आपका ब्रेन वॉश कर सत्ता में आ जाते हैं। हम राजनीति करने नहीं, समाज को बचाने आए हैं। एकजुट होकर प्रदेश में भागीदार होने का कार्य करें।
सपा नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजू कटियार, दिनेश कटियार, सुशील कटियार, राकेश कटियार, प्रदीप कटियार, विपिन कटियार और गौरव कटियार समेत कई लोगों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कुमार पटेल व प्रदेश अध्यक्ष बाल कुमार पटेल का स्वागत फूलों का हार पहनाकर किया। चांदी का मुकुट पहनाया गया। बताया गया कि 25 सितंबर को सिद्धार्थ नगर से कुर्मी-क्षत्रिय अन्नदाता रथ चला था। 13 नवंबर को महारैली लखनऊ में होगी। संजू कटियार और बृजकिशोर कटियार ने दोनों अतिथि को हल उपहार में दिया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अभिषेक कटियार, अर्पित कटियार, शिवम कटियार, पुनीत कटियार, ब्रजेश कटियार, शिशुपाल कटियार, मनोज कटियार, चंद्रकांत कटियार, धर्मेंद्र कटियार समेत कई लोग मौजूद रहे।