छिबरामऊ। विधानसभा चुनाव में जुटे प्रशासन ने शत प्रतिशत वैक्सीनेशन के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। तहसील सभागार में देर रात हुई बैठक में वैक्सीनेशन कार्य की समीक्षा की गई, जिसमें वैक्सीनेशन का लक्ष्य प्राप्त करने में समधन फिसड्डी एवं छिबरामऊ अव्वल रहा।
एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि 24 जनवरी तक प्रथम डोज एवं 15 से 17 आयु वर्ग के किशोरा का शत प्रतिशत टीकाकरण होना है। द्वितीय डोज के लिए 75 प्रतिशत लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गुरुवार को छिबरामऊ ने लक्ष्य के सापेक्ष 404 लोगों का वैक्सीनेशन कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं समधन नगर पंचायत दहाई का अंक भी पार नहीं कर सका। इसके अलावा सौरिख में 147, तालग्राम में 214 और गुरसहायगंज में 276 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। एसडीएम ने बताया कि चुनाव की तैयारियों को देखते हुए नामांकन से पहले ही वैक्सीनेशन का शत प्रतिशत हासिल करना है, इसके लिए प्रतिदिन देर रात समीक्षा बैठक होगी। इस मौके पर तहसीलदार राजू कुमार, नायब तहसीलदार दीपक गौतम व शिखर मिश्रा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल मिश्रा, सौरिख प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अजहर सिद्दीकी, ईओ सुरेंद्र केसरवानी समेत ईओ, बीडीओ व एमओआईसी मौजूद रहे।