कस्बा तालग्राम के बिजली उप केंद्र से बिजली आपूर्ति
बुधवार से बंद हो गई है। इससे पूरे क्षेत्र में बिजली संकट पैदा हो गया है।
विभाग की माने तो अभी कम से कम दो दिन तक बिजली आपूर्ति गुल रहेगी। हाईवे
निर्माण में बिजली लाइनों के शिफ्टिंग के कारण आपूर्ति ठप करनी पड़ी है।
कई
पोलों के तार खोल दिए गए हैं। 11 हजार वोल्ट की लाइन से भी आपूर्ति रोक दी
गई है। ज्ञात हो कि हाईवे निर्माण में लगे ठेकेदार ने हाईटेंशन लाइन
के दूसरे पोल लगाने का काम शुरू कर दिया है। पुराने तारों को बदलकर नए तार
लगाए जाएंगे। तालग्राम विद्युत उपकेंद्र में छिबरामऊ से आई 33 हजार वोल्ट
की एचटी लाइन के पोल हाईवे निर्माण में बाधक बने हैं।
कानपुर पनकी से
मैनपुरी की तरफ जा रही दो लाख 20 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन की शिफ्टिंग से
इस लाइन से सप्लाई बंद करनी पड़ी है। इस मामले में एसडीओ गुरसहायगंज
ज्ञानेंद्र कुमार, अवर अभियंता उपेंद्र राज ने तालग्राम में हाईवे निर्माण
स्थल का जायजा लिया। हाईवे के बिजली ठेकेदार से वार्ता की और जल्द आपूर्ति
शुरू कराने के लिए कहा।
बुधवार को तालग्राम में ईदगाह के समीप 33 हजार
वोल्ट की लाइन के तारों को भी हाईवे के कर्मचारियों ने चार पोलों के दायरे
में उतार दिया। फिलहाल शिफ्टिंग कार्य से तालग्राम विद्युत उप केंद्र को
छिबरामऊ से मिलने वाली बिजली आपूर्ति ठप है। लाइनमैन पूरन लाल ने बताया कि
कई दिनों तक बिजली गुल रहेगी।
तालग्राम उप केंद्र से जुड़े चार फीडर
अतरौली, अंधौआ, तालग्राम भोजापुर, ताहपुर से जुड़े एक सैकड़ा गांवों को
बिजली बुधवार सुबह से नहीं मिल पा रही है। इससे चौतरफा अंधा कुप हो गया है।
बिजली गुल होने की समस्या को लेकर सभासद गोविंद सिसौदिया, आमिर परवेज,
शकील समेत तमाम लोग उप केंद्र पहुंचे।
पता चला कि लाइनमैन पूरन, नीरज, अशोक
के अलावा एसएसओ नेत्रपाल व नरेंद्र के पास भी इस समय कोई काम नहीं है। जेई
उपेंद्रराज ने बताया कि शिफ्टिंग कार्य के कारण दो से तीन दिन तक बिजली
गुल रहने के आसार हैं। फिलहाल लोगों को शिफ्टिंग कार्य पूरा न होने तक
बिजली संकट झेलना पड़ेगा।