बिजली विभाग ने बिना कनेक्शन के बिजली का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे दो गांवों की बिजली कट कर दी है। ग्रामीण गांव में कनेक्शन होने की बात कह रहे हैं तो बिजली विभाग के अधिकारियों ने गांव में कोई कनेक्शन होने की रिपोर्ट दी है। बिजली कटने के दौरान ग्रामीणों ने हंगामा करने का प्रयास किया लेकिन विभाग की सख्ती के चलते मामला नहीं पड़ा है।
विकास खंड तालग्राम की गांव गदनापुर लोड़ी में फरवरी 2015 व गांव महचंदापुर में अक्तूबर 2015 में बिजली विभाग के ठेकेदार की ओर से विद्युतीकरण करा बिजली आपूर्ति शुरू करा दी थी। लेकिन कैंप के दौरान किसी ग्रामीण ने कोई कनेक्शन नहीं कराया। इसके चलते बिजली विभाग को आपूर्ति बंद करनी पड़ी। वहीं ग्रामीण किशोरीलाल, धनीराम, चुन्नीलाल, मातादीन, यदुनाथ, विश्राम, नवाब, राजेंद्र का कहना है कि विद्युतीकरण के समय ठेकेदार ने 250 रुपये लेकर बीपीएल के 36 कनेक्शन किए थे।
मीटर केबल भी थी और लाइन भी जोड़ी लेकिन अभी तक कोई बिल नहीं आया है। वहीं महचंदापुर में बीपीएल से लेकर एपीएल तक कोई कनेक्शन नहीं है। गांव निवासी हरिनाथ, रमेश चंद्र, कश्मीर सिंह, अशोक कुमार, जनवेश, राजीव का कहना है कि बिजली विभाग ने गांव में कनेक्शन होने के बावजूद लाइन काटी है। इससे परेशानी हो रही है। वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे।
इस मामले में बिजली विभाग के जेई उपेंद्र राज ने कहा कि गदनापुर व महचंदापुर में एक भी बिजली कनेक्शन नहीं है। इसके चलते बिजली आपूर्ति रोक दी गई है। गांव में कई बार एसडीओ के साथ बिजली कर्मचारियों ने कनेक्शन के लिए शिविर लगाए, लेकिन किसी भी ग्रामीण ने बिजली कनेक्शन नहीं कराया। वहीं बीपीएल के कनेक्शन ठेकेदार की ओर करने की बात पर कहा कि ठेकेदार कनेक्शन करने के लिए अधिकृत है लेकिन अभी तक ठेकेदार ने इन दोनों गांवों को कोई बीपीएल कनेक्शन का रिकार्ड नहीं दिया है। इसी कारण दोनों गांवों में बिलिंग नहीं हो रही है। इसके कारण आपूर्ति संभव नहीं है।