कन्नौज। किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव, उसके भाई नीलू यादव की मुश्किलें फिर बढ़ गईं हैं। तिर्वा में स्कूल के प्रिंसिपल को धमकाने तथा पीड़िता का मेडिकल करने वाली डॉक्टर और उनके पति को हत्या की धमकी देने के मुकदमों को आधार बनाकर पुलिस ने मंगलवार को फिर से गैंगस्टर की कार्रवाई की है। सदर कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक ने गैंगस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसकी विवेचना गुरसहायगंज कोतवाल को दी गई है।
सदर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव, उसके भाई नीलू यादव, जिला अस्पताल के वार्ड बॉय सतेंद्र यादव व ठठिया थाना क्षेत्र के ग्राम थम्मनपुरवा निवासी रिश्तेदार हरिओम यादव के खिलाफ गैंगस्टर में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें बताया गया कि आरोपी नवाब सिंह व नीलू ने जेल में रहते हुए पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करने वाली डॉ. स्वास्तिका शालिनी व उनके पति डॉ. रवींद्र कुमार साहू को हत्या करने की धमकी दिलवाई थी। इसके बाद नवाब सिंह के पारिवारिक भतीजे सतेंद्र यादव व रिश्तेदार हरिओम यादव ने डॉक्टर के आवास पर जाकर धमकी दी थी। दोनों ही मुकदमे सदर कोतवाली में दर्ज हैं।
इससे पहले तिर्वा में बचपन प्ले स्कूल के प्रिंसिपल निर्मल कुमार को धमकाने की रिपोर्ट भी तिर्वा कोतवाली में दर्ज की गई थी। पुलिस ने इस सभी मुकदमों को आधार बनाकर चारों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नवाब सिंह यादव बांदा तो नीलू कौशांबी जेल में बंद हैं तथा सतेंद्र व हरिओम यादव जिला कारागार में निरुद्ध हैं। जेल में रहते हुए भी दोनों आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं, जिससे लोगों में इनका भय है। चारों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर इसकी विवेचना गुरसहायगंज कोतवाल आलोक कुमार दुबे को दी गई है।
मुकदमा : एक
तिर्वा सीएचसी में तैनात डॉ. स्वास्तिका शालिनी ने 21 मई को सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नवाब सिंह, नीलू यादव, विशेष लोक अभियोजक किशोर दोहरे व पीड़िता की बुआ ने धमकी दी कि नवाब सिंह के जेल से छूटते ही तीन लोगों की हत्या कर दी जाएगी।
मुकदमा : दो
तिर्वा के बचपन प्ले स्कूल के प्रधानाचार्य निर्मल कुमार निवासी ग्राम हिसावा संदलपुर थाना डेरा मंगलपुर जनपद कानपुर देहात ने एक मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अखिलेश कुमार दुबे व पूजा शुक्ला के साथ अज्ञात लोगों ने जान से मारने की धमकी दी है। बचपन प्ले स्कूल नवाब सिंह व नीलू यादव का है, जिसे कुर्क कर कंट्रोलर बीएसए को बनाया गया है।
मुकदमा : तीन
आठ जुलाई को डॉ. स्वास्तिका शालिनी ने अड़ंगापुर निवासी सतेंद्र यादव व थम्मनपुरवा ठठिया निवासी हरिओम यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोनों जिला अस्पताल में वार्ड ब्वॉय हैं और नवाब सिंह के रिश्तेदार हैं। दोनों ने आवास पर जाकर बयान बदलने के लिए जान से मारने की धमकी दी।