कन्नौज। शहर की तिर्वा क्रासिंग सरायमीरा स्थित नीलमणि कैफे पर फोटो कापी कराने गईं दो छात्राओं को चार युवकों ने कमरे में बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। एक आरोपी ने दुष्कर्म करते समय का वीडियो बना लिया और वायरल करने की धमकी देकर एक छात्रा से 10 हजार रुपये भी ऐंठ लिए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर एक महिला समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय छात्रा ने नीलेश, कमल, रामदास, नारेंद्र, निलेश की पत्नी और नारेंद्र के जीजा के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई। छात्रा ने बताया कि 13 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे वह सहेली के साथ तिर्वा क्रासिंग सरायमीरा स्थित नीलमणि कैफे पर फोटो कापी कराने गई थी। वहां निलेश, कमल, रामदास और नारेंद्र ने दोनों को कैफे के अंदर कमरे में बंधक बना लिया।
करीब दो घंटे तक दोनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान नारेंद्र ने उसका वीडियो बनाकर अपने जीजा को दे दिया। नारेंद्र के जीजा ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 10 हजार रुपये भी ऐंठ लिए। आरोपी निलेश की पत्नी उसे फोन कर उससे गलत काम करने का कह रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों छात्राओं का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए जिला अस्पताल भेजा है। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
शहर के व्यस्त चौराहा तिर्वा क्रासिंग पर स्थित नीलमणि कैफे के अंदर पुलिस को देह व्यापार होने के संकेत मिले हैं। पीड़ित छात्रा ने बताया कि दुष्कर्म का शिकार होने के बाद उसे देह व्यापार करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस को अक्सर आपत्तिजनक में युवतियों को देखे जाने की बात कही है।
अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी मिलने के बाद पीड़िता ने घर में रखे रुपये चुराकर आरोपी नारेंद्र के जीजा को दे दिए। घर में रुपये गायब होने पर जब परिजनों ने पूछताछ की तो छात्रा ने पहले टालमटोल किया। माता-पिता के सख्ती से पूछने के बाद पीड़िता ने घटना की जानकारी दी। इसी के बाद यह मामला खुला।