कन्नौज। कृषि विभाग ने गुरुवार को कीटनाशक दुकानों पर छापा मारा। चार दुकानदारों के कीटनाशक बेचने संंबंधी प्रमाण व डिप्लोमा न दिखा पाने पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने लाइसेंस निरस्त कर दिया है। साथ ही अन्य को तलाशा जा रहा है। बिना योग्यता और प्रमाण पत्र वाले लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
शासन ने वर्ष 2020 में प्रमाण पत्र धारक और डिग्री वाले विक्रेता को ही लाइसेंस देने के निर्देश दिए गए थे। कृषि विभाग द्वारा प्रशिक्षण प्रमाण पत्र दिया जा रहा था। जिले में 700 कीटनाशक लाइसेंस धारक हैं। कई बार विभाग ने पत्र जारी किया था। पत्र में कहा था कि कृषि विभाग द्वारा विक्रेताओं को प्रशिक्षण देकर प्रमाण पत्र दिया जा रहा था। कई ऐसे विक्रेता हैं, जिनके पास डिग्री और प्रशिक्षण प्रमाण पत्र नहीं हैं। ऐसे लोगों को विभाग द्वारा चिन्ह्नित किया जा रहा है।
प्रथम चरण में पांच ऐसे लाइसेंस मिले हैं जिनके पास डिग्री और प्रशिक्षण प्रमाण पत्र नहीं मिले हैं। ऐसे में चार लाइसेंस को निरस्त कर दिया गया है। एक विक्रेता ने स्वेच्छा से लाइसेंस जमा कर दिया। जिला कृषि रक्षा अधिकारी संतलाल गुप्ता ने बताया कि विभाग द्वारा लाइसेंस का सत्यापन किया जा रहा है। बिना डिग्री और प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वाले विक्रेताओं का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
पांच दुकानों पर छापा
जिला कृषि रक्षा अधिकारी संतलाल गुप्ता ने पांच कीटनाशक दुकानों पर छापा मारा। छापेमारी की जानकारी होने पर कई विक्रेता दुकान बंद करके भाग गए। एक दुकान से कीटनाशक का नमूना लिया। बताया कि नमूने को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। अगर गड़बड़ी मिलती है तो विक्रेता और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।