कन्नौज। रात में ड्रोन उड़ने और चोरों की भ्रामक सूचनाएं फैलाने वाले आठ लोगों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया और एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा है। अफवाह फैलाने वाले और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले 17 अराजकतत्चों को चिह्नित कर लिया गया है, जिनकी तलाश कर रही है। अफवाह फैलाकर लोगों में भय व आतंक व्याप्त करने वालों पर रासुका और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। सदर कोतवाली में बैठक में यह जानकारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि ड्रोन संचालन नीति-2023 के अंतर्गत जिले में 50 ड्रोनों का पंजीकरण किया गया है। ड्रोन पायलटों को प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद ड्रोन को उड़ाने के लिए संबंधित थाने से अनुमति लेनी होगी। कुछ लोग सोशल मीडिया या मोबाइल कर चोर आने की दहशत फैला रहे हैं। इससे अनजान लोगों के साथ दुर्व्यवहार की सूचनाएं मिल रहीं हैं। पुलिस जब मौके पर जाती है तो वह सूचना भ्रामक होती है। कुछ शरारतीतत्व जिले में अफवाह फैलाकर भय का माहौल बना रहे हैं। ऐसे उपद्रवियों को चिह्नित कर लिया गया है और उन पर कार्रवाई की जा रही है। अराजकतत्वों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) व गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि लोग स्वयं जागरूक हों और आसपास के लोगों को जागरूक करें। अफवाह न फैलने दें और न ही फैलाएं। सोशल मीडिया सेल लगातार निगरानी कर रही है। असामाजिक तत्चों को बख्शा नहीं जाएगा। 50 से अधिक गांवों में चौपालों का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया गया और ग्राम सुरक्षा समितियों को भी अराजकतत्चों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने किया इन घटनाओं का खुलासा
रिश्तेदारी में जा रहे व्यक्ति को बताया चोर
तालग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम उमरपुर में यूपी 112 पर चोर मिलने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस द्वारा मौके पर जाकर जांच की पता चला कि सौरिख के ग्राम मुखड़ा निवासी भानुप्रताप बाइक से रिश्तेदारी में बीमार महिला को देखने जा रहे थे।
उन्नाव के युवक को चोर बताकर पीटा
सदर कोतवाली क्षेत्र के कालीनपुरवा में उन्नाव जिले के माखी थाना क्षेत्र के ग्राम उमरई खेड़ा निवासी मनोज यादव काम की तलाश में आया था। लोगों ने उसे चोर समझकर पीट दिया। पुलिस ने अफवाह फैलाने वाले आरोपी लालाराम, राजेश, अमित व रिंकू को गिरफ्तार कर लिया।
महिला को चोर बताकर पीट दिया
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के सौंसरापुर में मैनपुरी की रहने वाली लक्ष्मी को लोगों ने चोर समझकर पीट दिया, जबकि अमरौली गांव में जा रही थी। किराया न होने के कारण ऑटो चालक ने उसे रास्ते में उतार दिया था। ग्रामीणों ने उसे चोर बताकर पीट दिया।
मजदूर को पीटने पर तीन को जेल
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर में मध्यप्रदेश के छतरपुर निवासी जमुना प्रसाद को लोगों ने चोर बताकर बेरहमी से पीट दिया, जबकि वह मजदूरी के सिलसिले में आया था। पुलिस ने आरोपी रामवीर, संजू सविता व अभिषेक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।